भाजपा केन्द्र में सत्तारुढ़ एवं राजस्थान में विपक्षी दल के रुप रही विफल : सचिन पायलट

अजमेर। राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भारतीय जनता पार्टी पर केंद्र में सत्तारूढ़ और राजस्थान में विपक्षी दल के रूप में विफल रहने का आरोप लगाते हुए विश्वास जताया है कि इस बार प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच बारी-बारी से सत्ता मिलने का चलन टूट जाएगा।
पायलट अजमेर जिले के विजयनगर में गुरुवार को किसान सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस साल के अंत में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सत्ता बरकरार रखेगी।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में भाजपा नेता केवल सो रहे हैं। उनके केंद्रीय नेता दिल्ली से आते हैं और उन्हें जगाने की कोशिश करते हैं लेकिन वो जाग नहीं पा रहे। भाजपा सरकार नौ साल से केंद्र में शासन कर रही है। लोगों ने पार्टी को वोट दिया और दो बार पूर्ण बहुमत दिया लेकिन पार्टी ने उन्हें धोखा दिया। हर वर्ग से वोट लेने के बाद भी सरकार ने केवल दर्द और दुख दिया।
पायलट कहा कि केंद्र सरकार तीन ‘काले’ कृषि कानून लेकर आई, जिन्हें दिल्ली में बड़ी संख्या में किसानों के विरोध प्रदर्शन के बाद वापस लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि महंगाई आसमान छू रही है लेकिन केंद्र ने यह भी नहीं कहा कि इसे नियंत्रित करने के प्रयास किए जाएंगे। वे केवल चुनाव से पहले आएंगे और मंदिर, मस्जिद, हिंदू, मुस्लिम के नाम पर वोट मांगेंगे।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आम जनता के हित के लिए क्या किया है। जब मनमोहन सिंह सरकार थी तब मैं मंत्री था लोगों के कल्याण के लिए मनरेगा और अन्य योजनाएं लेकर हमारी सरकार आईं थी। आने वाले चुनाव में कही लोग आएंगे झूठ बोलेंगे, भ्रम फैलाएंगे लेकिन आपको उनकी बातों में न आकर, जैसे पहले आपने मेरे को और कांग्रेस पार्टी को हमेशा अपना आशीर्वाद दिया है उसको बरकरार रखना होगा।
इस दौरान विधायक राकेश पारीक एवं वेद प्रकाश सोलंकी, पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, कांग्रेस नेता संग्राम सिंह एवं बड़ी संख्या में किसान एवं नौजवान मौजूद थे।
The post भाजपा केन्द्र में सत्तारुढ़ एवं राजस्थान में विपक्षी दल के रुप रही विफल : सचिन पायलट appeared first on Sabguru News.
source https://www.sabguru.com/sachin-pilot-addresses-kisan-sammelan-in-vijayanagar/
Comments
Post a Comment