खेल व खिलाड़ियों को बढ़ावा देने को भामाशाह अहम भूमिका निभाएं : कृष्णा पूनिया

अजमेर। राजस्थान क्रीड़ा परिषद अध्यक्ष एवं विधायक कृष्णा पूनिया ने कहा कि खेल एवं खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए भामाशाह अहम भूमिका निभाएं।
पूनिया अजमेर प्रवास के दौरान अजमेर क्लब में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की बजट घोषणाओं के अनुसार जिला मुख्यालय पर जिम की स्थापना की जाएगी। सरकार ने बजट घोषणाओं को धरातल पर लागू करने का कार्य प्रारंभ कर दिया है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार, क्रीड़ा परिषद खेल एवं खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए तथा खिलाड़ियों को तराशने के लिए उच्च तकनीक व हर सुविधा उपलब्ध कराकर प्रशिक्षण देने का प्रयास कर रही है ताकि बेहतर परिणाम सामने आए और राजस्थान को अधिक से अधिक पदक मिलें।
क्रीड़ा परिषद की अध्यक्षा पूनिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान सरकार एवं कीड़ा परिषद संकल्पबद्ध है। कई कल्याणकारी योजनाएं प्रारंभ कर रही है। राजस्थान सरकार द्वारा भरपूर संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि खेल एवं खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए राजस्थान सरकार खिलाड़ियों को पेंशन, विजेताओं को नगद इनाम, सरकारी नौकरी, उच्च तकनीक से प्रशिक्षण आदि सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। भविष्य में राजस्थान का नाम खेलों के जरिए देश ही नहीं विदेश में भी रोशन हो इसके प्रयास जारी हैं।
पूनिया ने चंद्रवरदाई स्टेडियम एवं पटेल स्टेडियम का दौराकर वहां होने वाली गतिविधियों की जानकारी ली। भविष्य में किस तरह खेल एवं खिलाड़ियों को बढ़ावा दिया जा सके इस बारे में खेल अधिकारियों से चर्चा की।
इस अवसर पर पूनिया के साथ मुख्य खेल अधिकारी एवं द्रोणाचार्य अवार्ड विजेता वीरेंद्र पूनिया, श्याम वीर सिंह, रणविजय सिंह, अभिमन्यु चौधरी, अनिरूद्ध जगधारी, तेजराज सिंह, महिपाल सिंह, प्रवीन शर्मा, ओमप्रकाश बारिया सहित बड़ी संख्या में खेल अधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने अजमेर जिले की खेल गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
इससे पहले राजस्थान क्रीड़ा परिषद की अध्यक्ष एवं विधायक कृष्णा पूनिया के अजमेर आगमन पर कांग्रेसियों ने गुलदस्ता भेंटकर तथा साफा पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ राजकुमार जयपाल, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के निवर्तमान उपाध्यक्ष कुलदीप कपूर, महासचिव शिव कुमार बंसल, विजय नागौरा, पार्षद हेमंत जोधा, कपिल सारस्वत, सुखराम डोडवाडिया, ईश्वर टहलयानी, महेंद्र सिंह ललाना, राम अवतार काला, मुकेश सबलानिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी उपस्थित थे।
The post खेल व खिलाड़ियों को बढ़ावा देने को भामाशाह अहम भूमिका निभाएं : कृष्णा पूनिया appeared first on Sabguru News.
source https://www.sabguru.com/rajasthan-krida-parishad-adhyaksh-krishna-poonia-visits-ajmer/
Comments
Post a Comment