weather: सुबह से भिगो रही भादो की घटाएं, मौसम हुआ सुहाना
अजमेर.
भादो की घटाएं रविवार सुबह से बरस रही हैं। शहर में रुक-रुक कर कभी तेज बौछारें तो कभी फुहारें गिरना जारी हैं। बरसात होने और बादल छाने से मौसम सुहाना बना हुआ है। शहर में शनिवार शाम 5.30 बजे से अब तक करीब 24 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है।
अलसुबह से शहर में टपका-टपकी का दौर जारी है। वैशाली नगर, पंचशील, माकड़वाली रोड,आगरा गेट, जयपुर रोड, पुलिस लाइंस, आनासागर लिंक रोड, पुष्कर रोड और अन्य इलाकों में तेज बौछारें गिरी। हरिभाऊ उपाध्याय नगर, कोटड़ा, आदर्श नगर, धौलाभाटा, मेयो लिंक रोड, गुलाबबाड़ी, मदार, महाराणा प्रताप नगर और आसपास के इलाकों में भी कभी तेज तो कभी हल्की बौछारों का दौर जारी है।
सड़कों पर बह रहा पानी
आगरा गेट, मदार गेट, सावित्री तिराहा और अन्य जगह सड़कों पर पानी भर गया। दरगाह बाजार, गंज, देहली गेट पर पानी बह निकला। वैशाली नगर, आनासागर लिंक रोड, पुलिस लाइन के आसपास भी सड़कों पर पानी भरा।
मानसून के 31 दिन बाकी
राज्य और जिले में मानसून का पीक सीजन 1 जून से 30 सितंबर तक रहता है। इस लिहाज से मानसून के 91 दिन निकल चुके हैं। अब 31 दिन बाकी हैं। मौसम विभाग के अनुसार अब तक 379.9 मिमी बारिश हुई है। जबकि जिले की औसत बरसात 550 मिलीमीटर है। अभी जिले के 50 प्रतिशत से ज्यादा जलाशयों में पर्याप्त पानी की आवक नहीं हुई है।
बीते साल मेहरबान था मानसून
साल 2019 में मानसून जबरस्त मेहरबान रहा था। सिंचाई विभाग के आंकड़ों में पिछले साल जिले में 1 जून से 29 अगस्त तक 669 मिलीमीटर बारिश हो चुकी थी। जबकि मौसम विभाग ने 753.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की थी। यह औसत बरसात से 203.9 मिलीमीटर ज्यादा बारिश थी।
source https://www.patrika.com/ajmer-news/weather-rain-shavers-in-ajmer-clouds-scatter-over-sky-6370141/
Comments
Post a Comment